पंजाब विधानसभा के बाहर बावा हैनरी और AAP विधायक इंद्रजीत कौर मान में नोकझोंक, धक्का देने का वीडियो वायरल
चंडीगढ़/जालंधर: पंजाब विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही के बाद उस समय माहौल गरमा गया जब जालंधर नॉर्थ से कांग्रेस विधायक बावा हैनरी और नकोदर से आम आदमी पार्टी की विधायक इंद्रजीत कौर मान के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
जानकारी के अनुसार विधानसभा की कार्यवाही खत्म होने के बाद बावा हैनरी मीडिया से बातचीत कर रहे थे और कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा के समर्थन में बयान दे रहे थे। इसी दौरान इंद्रजीत कौर मान वहां पहुंचीं और कथित तौर पर बावा हैनरी को धक्का देते हुए कहा, “ये हमारा खेमा है, अपने खेमें में जाकर बात करें।”
इस पर बावा हैनरी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैडम, मुझे हाथ मत लगाना।” कुछ देर बाद इंद्रजीत कौर मान ने माहौल शांत करने की कोशिश करते हुए कहा, “आप मेरे भाई हैं, अपने खेमें में जाकर बात करें।”
विधानसभा परिसर में हुई इस नोकझोंक का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।