LPU छात्रों के प्रदर्शन के बाद खुला जालंधर-दिल्ली हाईवे, यातायात हुआ बहाल
जालंधर/फगवाड़ा: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के चलते बंद किया गया जालंधर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग अब यातायात के लिए खोल दिया गया है। पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बातचीत के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात से एलपीयू के छात्रों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान हाईवे को जाम कर रखा था, जिससे जालंधर और फगवाड़ा के बीच आने-जाने वाले हजारों वाहन प्रभावित हुए। हाईवे बंद होने के कारण वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा, जिससे आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया।
पुलिस अधिकारियों द्वारा छात्रों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क खाली कर दी और हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया। इसके बाद धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही सामान्य होने लगी और लोगों ने राहत की सांस ली।
इस बीच रविवार देर शाम एलपीयू परिसर में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और लाठीचार्ज भी किया गया। इसके बाद परिसर में कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस और मीडिया कर्मियों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया तथा आगजनी की घटनाएं हुईं। पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया था।
फिलहाल हाईवे पूरी तरह खुल चुका है और यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। वहीं, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।