लंदन की सड़कों पर इन दिनों बिहार का स्वाद और अंदाज छाया हुआ है। सोशल मीडिया पर एक विदेशी महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो बिहारी स्टाइल में समोसे बनाते हुए और ठेठ बिहारी लहजे में बात करते हुए लोगों का दिल जीत रही है।
‘गोरे रंग पर मत जाना, दिल से बिहारी हूं’
इस विदेशी महिला ने अपना नाम ‘गोरिया देवी’ रखा है और वह Bihari Samosa Wala के साथ मिलकर काम कर रही हैं। वीडियो में वह बड़े मजे से समोसे तलती और ग्राहकों को आकर्षित करती नजर आती हैं।
उनका एक डायलॉग सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है— “मेरे गोरे रंग पर मत जाना, मैं दिल से पूरी तरह बिहारी हूं।”
बिहारी अंदाज बना यूएसपी
Bihari Samosa Wala पहले से ही अपने अनोखे अंदाज और स्वाद के लिए जाना जाता है। अब ‘गोरिया देवी’ भी उसी स्टाइल को अपनाते हुए वीडियो में बिहारी लहजे में मजेदार पंचलाइन बोलती हैं और समोसे बेचने के अलग-अलग तरीके दिखाती हैं।
वह अक्सर रोल-प्ले के जरिए खुद को एक ठेठ बिहारी लड़की के रूप में पेश करती हैं, जो दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। यही वजह है कि उनके वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग इस अनोखे कॉम्बिनेशन—विदेशी चेहरा और देसी अंदाज—को काफी एन्जॉय कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर लाखों व्यूज मिल चुके हैं और यूजर्स उनके अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोग इसे “देसी संस्कृति का ग्लोबल कनेक्शन” बता रहे हैं।