# लुधियाना में बम धमकी से हड़कंप: मेयर ऑफिस और Diljit Dosanjh के घर को उड़ाने की चेतावनी
Ludhiana में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब नगर निगम अधिकारियों को एक धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में मेयर कार्यालय और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
ईमेल के अनुसार, दोपहर 1:11 बजे मेयर कार्यालय को निशाना बनाने और रात 9:11 बजे दिलजीत दोसांझ के लुधियाना स्थित घर में धमाका करने की बात कही गई। धमकी देने वालों ने बेहद उकसाऊ भाषा का इस्तेमाल करते हुए यह भी लिखा कि जो कोई भी दिलजीत दोसांझ की मदद करेगा, उसे मार दिया जाएगा।
धमकी भरे संदेश में वर्ष 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए “खून का बदला खून” जैसी बातें लिखी गईं। साथ ही 6 जून तक लगातार धमाकों के जरिए अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाने की चेतावनी भी दी गई है।
ईमेल के अंत में खुद को “Khalistan National Army” बताने वाले संगठन का नाम लिखा गया है। इसके साथ दो व्यक्तियों के नाम भी दर्ज किए गए हैं। हालांकि, इन दावों और नामों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद Ludhiana Police, साइबर सेल और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई हैं। पुलिस द्वारा ईमेल के आईपी एड्रेस और उसके स्रोत की तकनीकी जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर मेयर कार्यालय, नगर निगम परिसर और अन्य संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।