पंजाब के खडूर साहिब से खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के वर्कर चंडीगढ़ पुलिस से भिड़ गए हैं। पुलिस ने उन्हें चंडीगढ़ में घुसने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। जिसे प्रदर्शनकारियों ने उठाकर फेंक दिया। जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने उन पर वाटर कैनन से पानी की बौछार की है।
जिसमें कई समर्थकों की पगड़ियां उतर गईं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वाटर कैनन का मुंह भी मोड़ दिया। इसके बाद समर्थक चंडीगढ़ में घुस गए हैं और चंडीगढ़ के सेक्टर 2 में CM भगवंत मान के सरकारी घर के घेराव के लिए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारी सांसद अमृतपाल की रिहाई की मांग कर रहे हैं।
इस प्रदर्शन से स्कूली बच्चों व उनके पेरेंट्स के लिए परेशानी हो सकती है। प्रदर्शन के चलते सेक्टर-45 गऊशाला चंडीगढ़ से मोहाली फेज-8 जाने वाली रोड पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ है।
पार्टी के नेता MLA मनप्रीत अयाली ने कहा कि हम यहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए आए हैं, किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं। अमृतपाल लोगों के प्रतिनिधि हैं लेकिन जेल में रखे जाने से वह बतौर सांसद अपने संवैधानिक कर्तव्य का पालन नहीं कर पा रहे हैं। सांसद अमृतपाल के वकील इमान सिंह खारा ने कहा कि NSA हटाई जा चुकी है। इसके बाद अजनाला हिंसा और 11 और झूठे केस दर्ज कर उन्हें असम जेल में रखा गया है।