90 फीसदी झुलसी पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की मौत, अगवा कर पेट्रोल छिड़कने का था आरोप
चंडीगढ़। मशहूर पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर का चंडीगढ़ स्थित पीजीआई अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। बताया जा रहा है कि मनजीत कौर करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई थीं और पिछले कई दिनों से आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही थीं। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों और चाहने वालों में शोक की लहर है।
अगवा कर पेड़ से बांधने और पेट्रोल छिड़कने का आरोप
जानकारी के अनुसार, पिछले महीने मनजीत कौर के आग में गंभीर रूप से झुलसने का मामला सामने आया था। परिवार ने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने कथित तौर पर उन्हें कार में जबरन अगवा किया। इसके बाद उन्हें एक पेड़ से बांधकर उन पर पेट्रोल छिड़क दिया गया और आग लगा दी गई।
इस कथित हमले में मनजीत कौर करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई थीं। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल रेफर किया गया था, जहां कई दिनों तक उनका उपचार चला।
अब हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी
घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। अब मनजीत कौर की इलाज के दौरान मौत होने के बाद पुलिस मामले में हत्या की धारा जोड़ने की कानूनी प्रक्रिया कर रही है।
पुलिस अब मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए घटना से जुड़े सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल करेगी। परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के साथ-साथ पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे कौन लोग थे और इसके पीछे क्या कारण था।
मनजीत कौर की मौत के बाद परिवार की ओर से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उन्हें सख्त सजा दिलाने की मांग की जा रही है। मामले में पुलिस की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।