MG Hector Tomahawk EV लॉन्च, 517 किमी की रेंज के साथ BaaS में 13.99 लाख रुपये से कीमत
नई दिल्ली। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में जेएसडब्ल्यू-एमजी ने अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी एमजी हेक्टर टॉमाहॉक ईवी को पेश किया है। कंपनी ने इसके साथ टॉमाहॉक का प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल भी लॉन्च किया है। नई एसयूवी एमजी के आधुनिक ADAPT प्लेटफॉर्म पर आधारित भारत का पहला प्रोडक्ट बताई जा रही है। खास बात यह है कि इसे ‘बैटरी एज ए सर्विस’ (BaaS) विकल्प के साथ भी उपलब्ध कराया गया है।
BaaS के साथ 13.99 लाख रुपये से कीमत
एमजी हेक्टर टॉमाहॉक ईवी की BaaS के तहत शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 13.99 लाख रुपये रखी गई है। इस योजना में ग्राहक को बैटरी के लिए अलग से 4.9 रुपये प्रति किलोमीटर का शुल्क देना होगा।
बैटरी सहित खरीदने पर 7-सीटर एक्साइट वेरिएंट की कीमत 19.49 लाख रुपये एक्स-शोरूम से शुरू होती है। एसयूवी को 5-सीटर और 7-सीटर दोनों विकल्पों में पेश किया गया है। इसके टॉप एसेंस वेरिएंट की 7-सीटर कीमत 23.49 लाख रुपये, जबकि 5-सीटर वर्जन की कीमत 22.99 लाख रुपये बताई गई है।
कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है और डिलीवरी सितंबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है।
517 किमी तक की क्लेम्ड रेंज
एमजी हेक्टर टॉमाहॉक ईवी में 69.2kWh का बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी के अनुसार, यह इलेक्ट्रिक एसयूवी एक बार चार्ज करने पर 517 किलोमीटर तक की क्लेम्ड रेंज दे सकती है। इसमें 150kW की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 310Nm का अधिकतम टॉर्क पैदा करती है।
स्पीड के मामले में भी एसयूवी दमदार है। कंपनी के दावे के मुताबिक यह महज 8.2 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसमें V2H यानी व्हीकल-टू-होम तकनीक भी दी गई है, जिसके जरिए जरूरत पड़ने पर कार की बैटरी से घर के इलेक्ट्रिकल उपकरण चलाए जा सकते हैं।
लेवल-2 ADAS से लेकर बड़ी पैनोरोमिक सनरूफ तक
सुरक्षा के लिए एसयूवी में 11 फीचर्स वाला लेवल-2 ADAS, 360-डिग्री कैमरा, ट्रांसपेरेंट चेसिस व्यू, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, ट्रैक्शन कंट्रोल और इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
केबिन में बड़ी पैनोरोमिक सनरूफ, 10-स्पीकर प्रीमियम साउंड सिस्टम, बड़ी इंफोटेनमेंट स्क्रीन और पावर्ड वेंटिलेटेड सीट्स के साथ मेमोरी फंक्शन दिया गया है। इसके अलावा यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इसमें 6 कैबिन मोड—नैप, कैंप, प्रो-पेट, एनर्जाइज, वैलेट और क्वाइट—दिए गए हैं।
इन फीचर्स, लंबी क्लेम्ड रेंज और BaaS विकल्प के साथ एमजी हेक्टर टॉमाहॉक ईवी भारतीय इलेक्ट्रिक एसयूवी बाजार में एक नया विकल्प बनकर सामने आई है।