जालंधर जिमखाना क्लब चुनाव में मुकाबला दिलचस्प, 30 अगस्त को 23 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला
जालंधर। जालंधर जिमखाना क्लब के 30 अगस्त को होने जा रहे चुनाव इस बार बेहद रोचक और प्रतिस्पर्धी बन गए हैं। पिछले कुछ दिनों में चुनावी समीकरणों में कई बदलाव देखने को मिले हैं और अब मुख्य मुकाबला अचीवर्स ग्रुप और प्रोग्रेसिव ग्रुप के बीच माना जा रहा है। क्लब के कुल 4078 सदस्य मतदान के पात्र हैं, जबकि विभिन्न पदों के लिए 23 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
इस बार क्लब की प्रबंधकीय टीम के लिए कुल 13 पदों पर चुनाव होना है। इनमें से ज्वाइंट सेक्रेटरी पद पर अचीवर्स ग्रुप के हरप्रीत सिंह गोल्डी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इसके चलते अब सचिव, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदों के लिए मुकाबला केंद्र में आ गया है।
अचीवर्स ग्रुप ने सचिव पद के लिए अमित कुकरेजा, उपाध्यक्ष पद के लिए धीरज सेठ और कोषाध्यक्ष पद के लिए सौरभ खुल्लर को उम्मीदवार बनाया है। वहीं प्रोग्रेसिव ग्रुप की ओर से सचिव पद के लिए रोटेरियन विजय सहदेव, उपाध्यक्ष पद के लिए एडवोकेट दलजीत सिंह छाबड़ा और कोषाध्यक्ष पद के लिए इंजीनियर गुरदर्शन सिंह कोचर मैदान में हैं।
सचिव पद का मुकाबला इस बार त्रिकोणीय हो गया है, क्योंकि माइकल ओहरी आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पदों पर भी कड़ी टक्कर की संभावना जताई जा रही है।
एग्जीक्यूटिव सदस्यों के लिए कुल 16 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 10 का चयन होना है। प्रत्येक सदस्य को कुल 13 वोट डालने का अधिकार होगा। यदि सभी 4078 सदस्य अपने सभी मताधिकार का उपयोग करते हैं तो कुल वोटों की संख्या 53 हजार से अधिक पहुंच सकती है, जिससे चुनावी मुकाबले की अहमियत और बढ़ जाती है।
एग्जीक्यूटिव पदों के लिए प्रोफेसर विपन झांजी, शालीन जोशी, नितिन बहल, सीए राजीव बंसल, महिंदर सिंह, शालिनी कालड़ा, विन्नी शर्मा धवन, अतुल तलवाड़ और एम.बी. बाली जैसे अनुभवी उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं पहली बार चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में रिशु झांजी, एडवोकेट तरनजोत सिंह सिदाना, जुबिन शिंगारी, गगनदीप उप्पल, कैप्टन रमन सिंह, जसदीप सिंह छाबड़ा और मनिंदर सिंह बेदी शामिल हैं।
चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंच चुका है और सभी उम्मीदवार अधिक से अधिक सदस्यों तक पहुंचकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। क्लब के गलियारों में चुनावी चर्चाएं तेज हैं और सदस्य भी संभावित परिणामों को लेकर उत्सुक नजर आ रहे हैं।
अमित कुकरेजा को खेल जगत का समर्थन
इस बीच अचीवर्स ग्रुप के सचिव पद के उम्मीदवार अमित कुकरेजा को खेल जगत और समाज के विभिन्न वर्गों से समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। अमित कुकरेजा स्वयं फर्स्ट क्लास क्रिकेटर रह चुके हैं और पंजाब क्रिकेट में चयनकर्ता की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
खेल उद्योग से जुड़े कई लोगों ने उनके समर्थन की घोषणा की है। एस.जी.एम.ई.ए. के पूर्व चेयरमैन अरविंद अबरोल ने भी अमित कुकरेजा को अपना समर्थन देने की बात कही है। खेल गतिविधियों से लंबे समय से जुड़े अमित कुकरेजा जिमखाना क्लब में वन-डे क्रिकेट और जी.पी.एल. टूर्नामेंटों के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं तथा स्वयं भी इन प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं।
अब सभी की निगाहें 30 अगस्त को होने वाले मतदान पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि क्लब की नई कार्यकारिणी की कमान किस समूह के हाथों में जाएगी।