• Friday, 28 August 2026
Logo Logo
Advertisement
डीए और अन्य मांगों को लेकर आज पंजाब में सरकारी कर्मचारियों का ‘महाबंद’, 3 लाख मुलाजिम सामूहिक अवकाश पर

27 Aug 2026 | 92 Views

डीए और अन्य मांगों को लेकर आज पंजाब में सरकारी कर्मचारियों का ‘महाबंद’, 3 लाख मुलाजिम सामूहिक अवकाश पर

डीए और अन्य मांगों को लेकर आज पंजाब में सरकारी कर्मचारियों का ‘महाबंद’, 3 लाख मुलाजिम सामूहिक अवकाश पर

चंडीगढ़। पंजाब में महंगाई भत्ते (डीए) और अन्य लंबित मांगों को लेकर सरकारी कर्मचारियों ने 27 अगस्त को राज्यव्यापी ‘महाबंद’ का ऐलान किया है। इस आंदोलन के तहत करीब 3 लाख सरकारी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। कर्मचारियों के इस कदम से सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहने की संभावना है, हालांकि आम जनजीवन, स्वास्थ्य सेवाओं और सार्वजनिक परिवहन पर इसका असर नहीं पड़ेगा।

पंजाब सिविल सचिवालय स्टाफ एसोसिएशन तथा सांझा मुलाजिम मंच पंजाब के अध्यक्ष सुखचैन सिंह खैहरा ने बताया कि आंदोलन को विभिन्न कर्मचारी संगठनों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि महाबंद के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैनात सरकारी वाहनों के चालक भी हड़ताल में शामिल रहेंगे। ऐसे में कई अधिकारियों को स्वयं वाहन चलाने या निजी चालकों की सेवाएं लेने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।

उधर, पंजाब सिविल सर्विस (पीसीएस) अधिकारियों ने भी कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करने की घोषणा की है। पीसीएस अधिकारियों का कहना है कि वे कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे, लेकिन कर्मचारियों के समर्थन में नियमित सरकारी कार्य नहीं करेंगे। उनका मानना है कि कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी कर प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित नहीं किया जा सकता।

कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में लंबित 18 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्तों और बकाया राशि का भुगतान, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, ठेका कर्मचारियों को नियमित करना तथा अन्य सेवा संबंधी मांगों का समाधान शामिल है। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि सरकार को लंबे समय से लंबित इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

हालांकि स्वास्थ्य सेवाओं को हड़ताल से बाहर रखा गया है, जिससे अस्पतालों और आपातकालीन सेवाओं का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। वहीं सार्वजनिक परिवहन, बाजार, दुकानें और अन्य निजी गतिविधियां भी सामान्य रहने की उम्मीद है।

कर्मचारी संगठनों का कहना है कि 27 अगस्त के आंदोलन के बाद 28 अगस्त को रक्षाबंधन का सरकारी अवकाश रहेगा, जबकि उसके बाद शनिवार और रविवार होने के कारण लगातार चार दिनों तक सरकारी कार्यालयों में नियमित कामकाज प्रभावित रह सकता है। इससे विभिन्न विभागों में लंबित कार्यों और आम लोगों के सरकारी कामों पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

Published on: 27 Aug 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News