श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 1500 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
जालंधर में 25 सितंबर को आयोजित होने वाले उत्तरी भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 1500 पुलिस मुलाजिमों की तैनाती की जाएगी। इस फोर्स में कमिश्नरेट पुलिस के अलावा अन्य जिलों से आने वाले पुलिसकर्मी भी शामिल होंगे।
लॉ एंड ऑर्डर डीसीपी जगरूप बाठ ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एआरपी, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी। पूरे मेले की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी दो शिफ्टों में 24 घंटे ड्यूटी देंगे। सुरक्षा व्यवस्था में 30 गजटेड अधिकारी (जीओ), 30 एसएचओ और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी भी तैनात रहेंगे। इसके अलावा कई पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भी मेले में मौजूद रहेंगे ताकि असामाजिक तत्वों और जेबकतरों पर नजर रखी जा सके।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट मैप तैयार किया है और आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जाएगा। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। वहीं नगर निगम द्वारा सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डीसीपी जगरूप बाठ ने कहा कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार का हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बच्चों के गुम होने या किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। इसके अलावा पीसीआर टीमों के संपर्क नंबर भी जारी किए जाएंगे ताकि श्रद्धालु जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।