• Friday, 19 June 2026
Logo Logo
Advertisement
आस्था की आड़ में हैवानियत: ‘भगवान का दूत’ बनकर महिला का वर्षों तक शोषण, 8 गिरफ्तार

19 Jun 2026 | 8 Views

आस्था की आड़ में हैवानियत: ‘भगवान का दूत’ बनकर महिला का वर्षों तक शोषण, 8 गिरफ्तार

आस्था की आड़ में हैवानियत: ‘भगवान का दूत’ बनकर महिला का वर्षों तक शोषण, 8 गिरफ्तार

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे से आस्था और अध्यात्म के नाम पर कथित शोषण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक स्वयंभू आध्यात्मिक गुरु और उसके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने एक शिक्षित और प्रतिष्ठित कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत महिला को अपने प्रभाव में लेकर वर्षों तक उसका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किया।

पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी राधामोहन मिश्रा (59) है, जो मूल रूप से हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है। वह पिछले कई वर्षों से पुणे के वाघोली इलाके में एक आलीशान बंगले से कथित आश्रम संचालित कर रहा था। आरोपी लोगों की बीमारियां, पारिवारिक समस्याएं और आर्थिक परेशानियां दूर करने का दावा कर उन्हें अपने प्रभाव में लेता था। इसी दौरान पुणे की 41 वर्षीय एक महिला भी उसके संपर्क में आई और कथित तौर पर उसके प्रभाव में आकर आश्रम में रहने लगी।

महिला ने सुनाई दर्दनाक आपबीती

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अध्यात्म और तंत्र-मंत्र के नाम पर उसके साथ लंबे समय तक शारीरिक एवं यौन शोषण किया गया। आरोप है कि उसे प्रताड़ित करने के लिए इलेक्ट्रिक शॉक तक दिए जाते थे और अमानवीय व्यवहार का शिकार बनाया जाता था। महिला का दावा है कि जब भी उसने विरोध करने की कोशिश की, आरोपी और उसके सहयोगी उसे तथा उसके परिवार को डराने-धमकाने या गुमराह करने का प्रयास करते थे।

छापेमारी में मिले अहम सबूत

पुणे क्राइम ब्रांच की टीम ने जब वाघोली स्थित बंगले पर छापा मारा तो वहां से बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पुलिस को लैपटॉप, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, सीडी और डीवीडी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है। इसके अलावा परिसर और कमरों में कई सीसीटीवी कैमरे भी लगे पाए गए। पुलिस को आशंका है कि इनका इस्तेमाल कथित तौर पर निगरानी और ब्लैकमेलिंग के लिए किया जाता था।

बंगले में मिली अंडरग्राउंड सुरंग

जांच के दौरान बंगले के भीतर एक निर्माणाधीन अंडरग्राउंड सुरंग भी मिली है, जिसने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने कथित तौर पर महिला की करोड़ों रुपये की संपत्ति भी धोखाधड़ी और जालसाजी के जरिए अपने नाम करवाई।

8 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी राधामोहन मिश्रा, उसके करीबी सहयोगी कंवल नयन (58) और छह महिला सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने सभी आरोपियों को 20 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस कथित रैकेट का शिकार अन्य महिलाएं भी हो सकती हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Published on: 19 Jun 2026

Global Admin
📣 Share this post

Latest News