जालंधर में घर में घुसकर फायरिंग, महिला के पैर में लगी गोली, हालत गंभीर
जालंधर: पंजाब में फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला जालंधर जिले के शाहकोट क्षेत्र के गांव संधावाल मंड से सामने आया है, जहां मोटरसाइकिल सवार हथियारबंद युवकों ने एक घर में घुसकर फायरिंग कर दी। इस घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव संधावाल मंड निवासी जसवंत सिंह की पत्नी बचन कौर ने आरोप लगाया कि उनके घर के नजदीक रहने वाले कुछ युवक कथित तौर पर नशा तस्करी में शामिल हैं और खुलेआम नशीले पदार्थ बेचते हैं। उन्होंने बताया कि परिवार द्वारा इसका विरोध किए जाने के बाद आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी थीं।
बचन कौर के मुताबिक, बीते दिन तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर पहुंचे। तीनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। आरोप है कि वे घर के अंदर घुस आए। उसी समय उनकी बेटी गुरजीत कौर, जो अपने मायके मिलने आई हुई थी, रसोई में काम कर रही थी। शोर सुनकर जब वह बाहर आई तो आरोपियों ने उस पर गोली चला दी।
गोली गुरजीत कौर के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे तुरंत जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस ने घायल महिला गुरजीत कौर के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी (SHO) दिलबाग सिंह ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।