अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने हथियार एवं विस्फोटक तस्करी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार
अमृतसर: अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार और विस्फोटक तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, ए.के.-47 सहित तीन अत्याधुनिक हथियार और पांच मैगजीन बरामद की हैं। मामले की जानकारी पंजाब पुलिस के महानिदेशक ने साझा की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव भैणी राजपूतां निवासी आकाशबीर सिंह उर्फ काशी, गांव बलागन निवासी जोबन सिंह तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में एक ए.के.-47 राइफल, एक संशोधित एम-4 प्रकार का .30 बोर ऑटोमैटिक हथियार, एक विशेष रूप से संशोधित .30 बोर सेमी-ऑटोमैटिक हथियार और पांच मैगजीन शामिल हैं।
अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि थाना घरिंडा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आकाशबीर उर्फ काशी, जोबन सिंह और उनका नाबालिग साथी सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से अत्याधुनिक हथियार, गोला-बारूद और ग्रेनेड मंगवा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने अटारी के निकट विशेष अभियान चलाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। इस संबंध में थाना घरिंडा, जिला अमृतसर ग्रामीण में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मॉड्यूल के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चेन तथा संभावित अन्य सहयोगियों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।