जालंधर: समराड़ी नहर के पास बड़ा हादसा टला, गड्ढे के कारण 15 फीट नीचे खेत में गिरी स्विफ्ट कार
जालंधर: गोरायां के समराड़ी नहर के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क पर बने गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट नीचे खेतों में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार बुजुर्ग चालक बाल-बाल बच गए। उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार चला रहे बुजुर्ग होशियारपुर के रहने वाले हैं और अपरा गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार समराड़ी नहर के समीप पहुंची, सड़क पर बने गड्ढे के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर कई पलटियां खाते हुए सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कार में फंसे बुजुर्ग चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, उन्हें मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार को खेत से बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र की जर्जर सड़कों और उनकी समय पर मरम्मत की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।