भारत टेक्स 2026 में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने निवेशकों को दिया न्योता, बोले— पंजाब टेक्सटाइल निवेश के लिए सबसे पसंदीदा राज्य
नई दिल्ली/चंडीगढ़, 14 जुलाई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भारत टेक्स 2026 में पंजाब स्टेट पैवेलियन का उद्घाटन करते हुए निवेशकों और उद्योगपतियों को पंजाब में निवेश का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में कपास की खेती से लेकर कताई, फैब्रिक निर्माण, बुनाई, प्रोसेसिंग, गारमेंट्स और निर्यात तक पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन मौजूद है, जिससे पंजाब देश का सबसे मजबूत टेक्सटाइल इकोसिस्टम बनकर उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेश, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए नई औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति-2026 लागू की है। इसके तहत सिंगल विंडो और सिंगल पैन सिस्टम के माध्यम से उद्योगों को सभी मंजूरियां तय समय सीमा में उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब व्यापार करने में आसानी (Ease of Doing Business) के मामले में अग्रणी राज्यों में शामिल है और सरकार उद्योगपतियों को साझेदार मानकर काम कर रही है।
भगवंत सिंह मान ने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में पंजाब ने दो लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया और पांच लाख रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। उन्होंने कहा कि अब उद्योगों को किसी भी अधिकारी द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाता और सरकार ने लालफीताशाही को खत्म कर उद्योग-अनुकूल माहौल तैयार किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में पांच बिजली उत्पादन संयंत्र हैं और राज्य उद्योगों को विश्वसनीय बिजली उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार औद्योगिक विकास को और गति देने के लिए रेलवे से मालगाड़ियों को किराये पर लेने जैसे विकल्पों पर भी विचार कर रही है ताकि उद्योगों को बेहतर लॉजिस्टिक सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि मोहाली तेजी से "भारत की दूसरी सिलिकॉन वैली" के रूप में विकसित हो रहा है, जहां आईटी और हाई-टेक उद्योगों के लिए मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया गया है। वहीं लुधियाना देश का सबसे बड़ा निटवियर और हौजरी क्लस्टर है, जो भारत के ऊनी निटवियर का लगभग 90 प्रतिशत और हौजरी उत्पादन का करीब 65 प्रतिशत योगदान देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का टेक्सटाइल उद्योग वित्त वर्ष 2024-25 में 1.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का निर्यात कर चुका है और भारत के कुल टेक्सटाइल निर्यात में लगभग 4 प्रतिशत योगदान देता है। उन्होंने बताया कि पंजाब के उत्पाद अमेरिका, यूएई, ब्रिटेन सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात किए जाते हैं।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य तकनीकी टेक्सटाइल, मेडिकल टेक्सटाइल, स्मार्ट फैब्रिक, स्पोर्ट्सवियर और सस्टेनेबल टेक्सटाइल जैसे उभरते क्षेत्रों में भी बड़ी संभावनाएं रखता है। उन्होंने उद्योग जगत से पंजाब के विकास में भागीदार बनने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार बेहतर बुनियादी ढांचा, निवेशक-अनुकूल नीतियां, कौशल विकास और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा सहित उद्योग जगत के अनेक प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।