ई-केवाईसी नहीं कराने वाले गैस उपभोक्ताओं पर सख्ती, 15 अगस्त के बाद बढ़ सकता है सिलेंडर का खर्च
लुधियाना। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के तहत एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को अनिवार्य बनाए जाने के बाद अब गैस एजेंसियां सख्ती बरतने की तैयारी में हैं। लुधियाना एलपीजी गैस फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं करवाई है, उन्हें 15 अगस्त के बाद घरेलू गैस सिलेंडर खरीदने के लिए अधिक राशि चुकानी पड़ सकती है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों के अनुसार इंडेन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस से जुड़ी एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए गए। इसके अलावा कई स्थानों पर निशुल्क ई-केवाईसी कैंप भी लगाए गए और घर-घर जाकर लोगों को प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं करवाई है।
फेडरेशन के प्रधान मनजीत सिंह, महासचिव अरुण अग्रवाल, उपप्रधान रणजीत सिंह गांधी, कुलदीप कुमार जंडा, गौरव हांडा और अमित कुमार थम्मन ने बताया कि रविवार को अवकाश होने के बावजूद कई गैस एजेंसियों ने कार्यालय खोलकर उपभोक्ताओं को सुविधा उपलब्ध करवाई, लेकिन अपेक्षित संख्या में लोग ई-केवाईसी कराने नहीं पहुंचे।
उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी नहीं होगी, उन्हें 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर पर मिलने वाले लाभ से वंचित होना पड़ सकता है। ऐसे उपभोक्ताओं को वर्तमान दरों की तुलना में कहीं अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है। साथ ही बार-बार सूचना और जागरूकता के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन रद्द किए जाने की संभावना भी जताई गई है।
फेडरेशन ने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी संबंधित गैस एजेंसी में जाकर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।