स्वतंत्रता दिवस से पहले रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट, डॉग स्क्वायड के साथ चला सर्च अभियान
जालंधर। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जीआरपी पुलिस ने स्टेशन परिसर में विशेष सर्च अभियान चलाया। इस दौरान डॉग स्क्वायड की सहायता से स्टेशन और रेलगाड़ियों की गहन जांच की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई।
जानकारी के अनुसार स्टेशन के सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जीआरपी थाने से संबंधित कर्मचारियों की छुट्टियां भी अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।
एसएचओ इंस्पेक्टर बलबीर सिंह घुम्मण की अगुवाई में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीमों ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। टीमों ने प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी। यात्रियों के सामान की भी जांच की गई ताकि किसी संदिग्ध वस्तु की पहचान की जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर गश्त बढ़ा दी गई है और जवानों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के दौरान इंस्पेक्टर बलबीर सिंह घुम्मण के नेतृत्व में प्लेटफार्म नंबर 1, 2 और 3 पर विशेष गश्त की गई। इसके बाद सुरक्षा टीमों ने प्लेटफार्म नंबर 1-ए और 4 का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस तक सुरक्षा जांच और निगरानी का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।