मनाली से अमृतसर जा रही टूरिस्ट बस पलटी, 3 की मौत, कई घायल
नवांशहर (पंजाब डेस्क): पंजाब के नवांशहर जिले में बंगा के निकट गांव माजरी के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मनाली से अमृतसर जा रही एक टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 3 यात्रियों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में करीब 25 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के संतुलन बिगड़ने या तेज रफ्तार को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।