पंजाब की जिला अदालतों में 1,270 क्लर्क पदों पर भर्ती, 7 अक्टूबर से शुरू होंगे आवेदन
चंडीगढ़/पंजाब डेस्क: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे ग्रेजुएट युवाओं के लिए पंजाब से बड़ी खुशखबरी है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अधीन सोसायटी फॉर सेंट्रलाइज्ड स्टाफिंग ऑफ सबऑर्डिनेट कोर्ट्स (SSSC) ने पंजाब की जिला अदालतों में 1,270 क्लर्क पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन 7 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे से शुरू होंगे, जबकि उम्मीदवार 4 नवंबर 2026 शाम 4 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी।
शैक्षणिक योग्यता
क्लर्क पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बी.ए., बी.एससी. या समकक्ष डिग्री होना आवश्यक है। इसके साथ ही उम्मीदवार ने 10वीं कक्षा में पंजाबी विषय का अध्ययन किया हो तथा कंप्यूटर का बुनियादी ज्ञान भी होना चाहिए।
आयु सीमा
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 18 से 37 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को पंजाब सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट प्रदान की जाएगी।
वेतन और चयन प्रक्रिया
चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-5 वेतनमान के तहत 29,200 रुपये प्रति माह का प्रारंभिक वेतन मिलेगा। भर्ती प्रक्रिया में पहले कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा, जिसके आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
यह भर्ती पंजाब की जिला अदालतों में लंबे समय बाद निकाली गई बड़ी भर्तियों में से एक मानी जा रही है, जिससे हजारों युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा।