अमृतसर में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 7.050 किलोग्राम हेरोइन समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर दो अंतरराष्ट्रीय कार्टेल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक सिंह उर्फ दीपु, प्रिंस सिंह, रजिंदर सिंह उर्फ घुड्डू, रणदीप सिंह उर्फ दिल और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था।
डीजीपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्कर के संपर्क में थे, जो ड्रोन के माध्यम से नशे की खेप भेज रहा था। इसके बाद स्थानीय नेटवर्क के जरिए पंजाब में सप्लाई की जाती थी।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए ऑपरेशन के दौरान पहले दीपक उर्फ दीपु को 1.3 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके पास से और 2.6 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिससे कुल मात्रा 4.04 किलो हो गई।
आगे की जांच में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को 1.01 किलो हेरोइन सहित पकड़ा। इनके खुलासे पर चौथे आरोपी प्रिंस सिंह को भी 2 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इस पूरे मामले में अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।
पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के अन्य लिंक और पाकिस्तानी हैंडलरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।