निवेश को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से भगवंत सिंह मान ने वैश्विक स्तर पर प्रयास तेज कर दिए हैं। आर्थिक सहयोग को मजबूत करने और लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने के लिए वे लगातार पहल कर रहे हैं।
Netherlands-India Chamber of Commerce and Trade की चेयरपर्सन एडिथ नॉर्डमैन के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई रणनीतिक बैठक में मुख्यमंत्री ने पंजाब और नीदरलैंड्स के बीच द्विपक्षीय व्यापार और निवेश बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने फूड प्रोसेसिंग और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में वैल्यू एडिशन, निर्यात आधारित विकास और वैश्विक सप्लाई चेन से जुड़ाव को पंजाब की प्राथमिकता बताया।
हेग में आयोजित निवेश रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब की औद्योगिक क्षमताओं और उभरते अवसरों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। उन्होंने राज्य के मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल कार्यबल, प्रगतिशील नीतियों और निवेशक-अनुकूल माहौल को निवेशकों के सामने प्रमुखता से रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक और व्यापार विकास नीति 2026 देश की सबसे प्रतिस्पर्धी नीतियों में से एक है। उन्होंने ‘फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल’ के माध्यम से सिंगल-विंडो क्लीयरेंस और समयबद्ध मंजूरी की सुविधा को निवेशकों के लिए बड़ा लाभ बताया।
पंजाब और नीदरलैंड्स के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने वैश्विक निवेशकों को “पंजाब आइए, निवेश कीजिए और आगे बढ़िए” का आह्वान किया। उन्होंने राज्य की विशेषताओं—मजबूत बुनियादी ढांचा, प्रगतिशील किसान और वैश्विक मानकों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन—को निवेश के लिए अनुकूल बताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासी पंजाबियों के साथ भी संवाद किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने प्रवासी समुदाय को पंजाब के विकास में भागीदार बनने का न्योता दिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा और नीदरलैंड्स में भारत के राजदूत कुमार तुहिन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।