पंजाब को वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से भगवंत सिंह मान ने नीदरलैंड्स में बड़े स्तर पर निवेश को आकर्षित करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। आर्थिक सहयोग को मजबूत करने और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए उन्होंने कई अहम कार्यक्रमों की घोषणा की।
Netherlands-India Chamber of Commerce and Trade की चेयरपर्सन एडिथ नॉर्डमैन के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने पंजाब और नीदरलैंड्स के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने फूड प्रोसेसिंग, मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात आधारित विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की अपील की।
हेग में आयोजित निवेश रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब की औद्योगिक क्षमताओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। उन्होंने राज्य के मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल कार्यबल, प्रगतिशील नीतियों और निवेशक-अनुकूल माहौल को प्रमुखता से रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की नई औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति 2026 देश की सबसे प्रतिस्पर्धी नीतियों में शामिल है। उन्होंने ‘फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल’ के जरिए सिंगल-विंडो क्लीयरेंस और समयबद्ध स्वीकृतियों की व्यवस्था को भी निवेशकों के लिए बड़ा लाभ बताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नीदरलैंड्स में रह रहे प्रवासी पंजाबियों से भी मुलाकात की और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने प्रवासी समुदाय को राज्य के विकास में भागीदार बनने का न्योता देते हुए कहा—“पंजाब आइए, निवेश कीजिए और आगे बढ़िए।”
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा और नीदरलैंड्स में भारत के राजदूत कुमार तुहिन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।