पंजाब के फगवाड़ा से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां पंजाब पुलिस के डीएसपी योगेश कुमार की अपनी ही सरकारी रिवॉल्वर से गोली चलने के कारण मौत हो गई। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस स्टेशन सदर फगवाड़ा के पास स्थित उनके सरकारी आवास पर हुई, जिससे पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीएसपी योगेश कुमार अपने सरकारी क्वार्टर में मौजूद थे, तभी अचानक उनकी रिवॉल्वर से गोली चल गई। गोली सीधे उनके सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए जोहल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी फगवाड़ा माधवी शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डीएसपी अपने हथियार की सफाई कर रहे थे, तभी अचानक ट्रिगर दबने या तकनीकी खराबी के चलते गोली चल गई। पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, योगेश कुमार एक होनहार अधिकारी थे और हाल ही में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) से ट्रांसफर होकर चंडीगढ़ में नई जिम्मेदारी संभालने वाले थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार और सहकर्मियों में गहरा दुख है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के हर पहलू की जांच की जा रही है।