जालंधर के रामामंडी-ढिल्लवां रोड पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा एचपी गैस टैंकर और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर के कारण हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
मिली जानकारी के अनुसार, टैंकर अपनी सही दिशा में जा रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार ने अचानक यू-टर्न लेने की कोशिश की। इसी दौरान उसके कपड़े का एक हिस्सा वाहन में फंस गया, जिससे वह संतुलन खो बैठा और टैंकर के पहिए के नीचे आ गया। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी गुरनाम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा यू-टर्न लेने के दौरान हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।